
नैनीताल। लंबे इंतजार के बाद नगर पालिका परिषद ने मंगलवार को लेक ब्रिज चुंगी का टेंडर खोल दिया। इस टेंडर में बारा पत्थर चुंगी, फांसी गधेरा और तल्लीताल चुंगी भी शामिल हैं। निविदा प्रक्रिया में कुल चार फर्मों ने भाग लिया, जिसमें एमजी इंफ्रा, नोएडा ने 24 करोड़ 55 लाख 5 हजार 555 रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर टेंडर अपने नाम किया।
अन्य प्रतिभागियों में परिषद ने 22 करोड़ रुपये, नवीन अग्रवाल ने 21 करोड़ रुपये और कोहली ने 21 करोड़ रुपये की निविदा प्रस्तुत की। सर्वाधिक बोली लगाने के चलते आगामी 21 माह के लिए लेक ब्रिज चुंगी के संचालन की जिम्मेदारी एमजी इंफ्रा को सौंप दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने बताया कि चुंगी से होने वाली आय से प्रत्येक वार्ड में इस वर्ष 10 लाख रुपये विकास कार्यों के लिए दिए जाएंगे। साथ ही अगले वर्ष भी प्रत्येक वार्ड को 10 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पालिका को कर्जमुक्त बनाने में मदद मिलेगी और शहर के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
