बच्चों को दूसरों से नहीं, खुद से करनी चाहिए प्रतिस्पर्धा: ईशा साह

नैनीताल। शारदा संघ नैनीताल की 55वीं ऑन द स्पॉट चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता-2026 के तहत बच्चों की आकर्षक चित्रकलाओं की प्रदर्शनी का मंगलवार को ताल चैनल की प्रबंध निदेशक एवं सामाजिक कार्यकर्ता ईशा साह ने भव्य उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और रंगों के अनूठे संयोजन से सजी कलाकृतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि ईशा साह ने नन्हे कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की और उन्हें अपनी कला को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी दूसरे से नहीं, बल्कि खुद से प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। हर बार स्वयं से बेहतर करने का प्रयास ही उन्हें आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करता है।
कार्यक्रम में शारदा संघ के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट, वरिष्ठ सदस्य द्वारिका प्रसाद साह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद लाल साह, संयोजक डॉ. मनोज सिंह बिष्ट एवं राजेश साह सहित दीपक साह, संजय गुप्ता, रोहित साह, संघ के अन्य पदाधिकारी व सदस्य, प्रतिभागी बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद रहे। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि ईशा साह का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
शारदा संघ की यह प्रतियोगिता लंबे समय से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम बनी हुई है। इस आयोजन के जरिए बच्चों को अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त करने और कला-संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
14 अक्टूबर तक देख सकेंगे चित्रकलाएं
शारदा संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चित्रकला प्रदर्शनी 13 और 14 अक्टूबर तक आम जनता एवं कलाप्रेमियों के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। वहीं, 15 अक्टूबर को शाम चार बजे से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल कलाकारों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर



















