नैनीताल बैंक की 104वीं AGM: शुद्ध लाभ 24.96% बढ़ा, परिचालन लाभ में 30.66% की छलांग
नैनीताल। द नैनीताल बैंक लिमिटेड की 104वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) मंगलवार को प्रधान कार्यालय नैनीताल में ऑनलाइन माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वित्तीय परिणामों और बैंक की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई। बैंक ने वर्ष के दौरान कारोबार, लाभप्रदता, परिसंपत्ति गुणवत्ता और डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की।
वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का कुल कारोबार 6.75 प्रतिशत बढ़कर ₹14,118.02 करोड़ पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष यह ₹13,225.68 करोड़ था। बैंक की कुल जमा 4.46 प्रतिशत बढ़कर ₹8,623.67 करोड़ तथा सकल अग्रिम 10.55 प्रतिशत बढ़कर ₹5,494.35 करोड़ हो गए।
बैंक का CASA अनुपात 40.48 प्रतिशत रहा। रिटेल सेगमेंट में भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए रिटेल अग्रिम में 22.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार के साथ सकल NPA घटकर 4.95 प्रतिशत तथा शुद्ध NPA 0.27 प्रतिशत रह गया। वहीं प्रावधान कवरेज अनुपात (PCR) बढ़कर 94.01 प्रतिशत हो गया।
लाभप्रदता के मोर्चे पर बैंक के परिचालन लाभ में 30.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह ₹116.33 करोड़ रहा। बैंक का शुद्ध लाभ 24.96 प्रतिशत बढ़कर ₹63.24 करोड़ पहुंच गया। बैंक की नेटवर्थ में भी 26.86 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह ₹1,062.24 करोड़ हो गई।
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशी कुमार लाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 बैंक के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियों का वर्ष रहा। उन्होंने कहा कि कारोबार वृद्धि के साथ लाभप्रदता, परिसंपत्ति गुणवत्ता और पूंजी आधार को मजबूत करने की दिशा में निरंतर काम किया गया है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार को भी बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
बैंक ने डिजिटल बैंकिंग को मजबूत करते हुए NAINI NEO मोबाइल बैंकिंग एप शुरू किया है। इसके माध्यम से ग्राहक फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान, खाता विवरण, ई-प्रमाणपत्र, जमा रसीद डाउनलोड, UPI समेत विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं का लाभ कहीं से भी उठा सकते हैं।
इसके अलावा व्यापारियों और ग्राहकों के लिए QR Code आधारित डिजिटल भुगतान सुविधा, Sound Box तथा Merchant Management App जैसी सेवाएं भी शुरू की गई हैं। बैंक के अनुसार इन पहलों से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ व्यापारियों के लिए लेनदेन को सरल और सुविधाजनक बनाने में मदद मिली है।
सुशी कुमार लाल ने कहा कि आने वाले समय में बैंक का फोकस गुणवत्तापूर्ण कारोबार वृद्धि, रिटेल एवं MSME क्षेत्र के विस्तार, CASA और रिटेल जमा आधार को मजबूत करने तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर रहेगा। उन्होंने बैंक की 104 वर्ष की विरासत और ग्राहकों के विश्वास को आगे बढ़ाते हुए आधुनिक बैंकिंग जरूरतों के अनुरूप सेवाओं को मजबूत करने की बात कही।
इस अवसर पर बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य, कार्यपालक निदेशक कुलदीप सिंह, मुख्य वित्तीय अधिकारी सुमंत चक्रवर्ती, मुख्य परिचालन अधिकारी अनिल कुमार, कंपनी सचिव विवेक साह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
खबरी दाजू | Khabri Daju.com — हर खबर पर दाज्यू की नजर।






