नैनीताल (24 अगस्त : जनपद नैनीताल में मौसम के मिजाज और लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा 24 अगस्त सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटों में हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई है, जिसके चलते 2 राज्य मार्ग (स्टेट हाईवे) और 4 ग्रामीण मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन द्वारा सभी बंद मार्गों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
हल्द्वानी में सबसे अधिक बारिश: बीते 24 घंटों में हल्द्वानी (काठगोदाम) में सर्वाधिक 75.0 मिमी और नैनीताल (स्नो व्यू) में 44.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में औसत वर्षा 15.7 मिमी रही, जबकि इस मानसून सीजन में 1 जून से अब तक कुल वर्षा 724.38 मिमी पहुंच चुकी है।
2 स्टेट हाईवे समेत 6 मार्ग बाधित:
राज्य मार्ग-71: रामनगर–भंडारपानी–अमगड़ी–बोहराकोट मोटर मार्ग (किमी-26)।
राज्य मार्ग-103: काठगोदाम–हैड़ाखान मोटर मार्ग (किमी-26)।
ग्रामीण मार्ग: रातीघाट-बुधलाकोट, पटोड़ी-जोशी खोला-हल्द्वानी-बेतालघाट, ढोकने-कुलगढ़-बिचखली-पाथरी और दरमोली-पिठौली मोटर मार्ग मलबे के कारण बंद हैं।
नदियों व बैराजों में पानी की स्थिति: कोसी बैराज से 4,535 क्यूसेक, गौला बैराज से 1,394 क्यूसेक और नंदौर नदी से 619.70 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। सभी नदियां फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे बह रही हैं।
क्षति एवं मूलभूत सुविधाएं: जिले में अब तक वर्षा जनित आपदाओं से क्रमिक रूप से 3 जनहानि, 7 मकानों को आंशिक क्षति और 29 आंगनों/दीवारों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। जिले में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
