
नैनीताल। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सेवा दे रहे वाहन स्वामियों को तीन माह से किराया नहीं मिलने की शिकायत पर कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को तलब किया। सुनवाई के बाद उन्होंने वाहन स्वामियों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने तथा भुगतान में लापरवाही होने पर ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
ज्योलिकोट निवासी वाहन स्वामी मनीष कुमार ने आयुक्त को शिकायत देकर बताया कि वह वाहन संख्या यूके-04 टीबी-8828 के माध्यम से आरबीएसके की भीमताल टीम-2 में सेवा दे रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन ठेकेदार के माध्यम से किया जा रहा है, लेकिन पिछले तीन माह से वाहन का मासिक किराया नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि इसी आय से वाहन की किश्त और परिवार का भरण-पोषण होता है, जिससे आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
गुरुवार को आयुक्त कार्यालय में शिकायतकर्ता मनीष कुमार, वाहन स्वामी हरीश चंद्र तिवारी, संबंधित ठेकेदार तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल की मौजूदगी में मामले की सुनवाई हुई। जांच में पाया गया कि वाहन स्वामियों ने सत्यापित लॉग बुक समय पर ठेकेदार को उपलब्ध करा दी थी, इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
इस पर आयुक्त दीपक रावत ने मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए कि आरबीएसके के अंतर्गत कार्यरत सभी वाहन स्वामियों के बकाया किराये की तत्काल समीक्षा कर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि ठेकेदार भुगतान नहीं करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
आयुक्त ने कुमाऊँ मंडल के सभी जिलाधिकारियों को भी निर्देश जारी करते हुए कहा कि अपने-अपने जनपदों में आरबीएसके के तहत कार्यरत वाहन स्वामियों के मासिक किराये की समीक्षा कर समय पर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
