शराब के नशे में कार चलाना पड़ा भारी, बाइक सवार को मारी टक्कर
बल्दियाखान के पास हादसे में युवक गंभीर घायल, कार सीज; चालक के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू
नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर बल्दियाखान के समीप लापरवाही और शराब के नशे में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चालक का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि होने पर कार को सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बनभूलपुरा निवासी ताहिर बाइक से नैनीताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर की कार ने कथित तौर पर गलत दिशा से आकर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जांच के दौरान कार चालक मोहित अग्रवाल का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव की कार्रवाई करते हुए कार को सीज कर दिया है। साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त कराने के लिए संबंधित प्राधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
