नैनीताल दुर्घटना

ब्रेक फेल होने से पीछे लुढ़का पालिका का कूड़ा वाहन, कार से टकराकर टला बड़ा हादसा

ख़बर शेयर करें

ब्रेक फेल होने से पीछे लुढ़का पालिका का कूड़ा वाहन, कार से टकराकर टला बड़ा हादसा

फिटनेस समाप्त होने के बावजूद सड़क पर दौड़ रहा था वाहन, प्रशासन और आरटीओ की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

नैनीताल। नगर पालिका और संबंधित विभागों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। अवागढ़ क्षेत्र में नगर पालिका का कूड़ा वाहन चढ़ाई पर अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़क गया और सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकराकर रुका। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम नगर पालिका का कूड़ा वाहन यूके-04 सीबी-5201 अवागढ़ क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण के लिए जा रहा था। चढ़ाई के दौरान अचानक वाहन के ब्रेक जवाब दे गए और वह पीछे की ओर ढलान पर लुढ़कने लगा। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे खड़ी वीरेंद्र सिंह की कार यूके-04 एए-1888 से जा टकराया। टक्कर से कार को नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन के पीछे आने से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। यदि उस समय सड़क पर पैदल यात्री या अन्य वाहन होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

2021 में ही खत्म हो चुकी है वाहन की फिटनेस

सबसे गंभीर तथ्य यह है कि नगर पालिका के इस वाहन की फिटनेस वर्ष 2021 में ही समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद वाहन लगातार सड़क पर संचालित किया जा रहा था। उल्लेखनीय है कि 12 जून को जल संस्थान के एक ट्रक की चपेट में आकर दो महिला पर्यटक घायल हुई थीं। उस घटना के बाद आरटीओ ने जिलेभर में बिना फिटनेस संचालित 148 वाहनों को लेकर संबंधित विभागों को नोटिस जारी किए थे, लेकिन पालिका के वाहनों की फिटनेस अब तक पूरी नहीं हो सकी।

ईओ बोले— टायर फटने से हुआ हादसा

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पालिका की टीम मौके पर भेजी गई। उनके अनुसार वाहन चढ़ाई पर था, तभी अचानक उसका टायर फट गया, जिससे वाहन पीछे आ गया और कार से टकरा गया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के सभी वाहनों की फिटनेस कराने की प्रक्रिया जारी है।

लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन, आरटीओ और नगर पालिका की लापरवाही के कारण शहर में बिना फिटनेस वाले वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने ऐसे वाहनों पर तत्काल कार्रवाई और सभी सरकारी वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *