नैनीताल

गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन अपूरणीय क्षति, स्मृति में नैनीताल के नव निर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल तथा हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए

Advertisement

 

गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन अपूरणीय क्षति, स्मृति में कॉन्फ्रेंस हॉल व मीडिया सेंटर के नामकरण की मांग

नैनीताल, 14 सितंबर। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के असमय निधन से सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। सोमवार को जिला सूचना कार्यालय नैनीताल में आयोजित शोक सभा में पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने उनके निधन को व्यक्तिगत एवं संस्थागत स्तर पर एक अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

श्रद्धांजलि सभा में सूचना संपादक कमलेश भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी अपने दायित्वों के प्रति अत्यंत सजग और समर्पित अधिकारी थे। अपने सहज व्यवहार, सरल व्यक्तित्व और कार्य के प्रति निष्ठा से उन्होंने सहकर्मियों एवं पत्रकारों के बीच विशेष स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि जोशी का इस तरह अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उनकी कार्यशैली, व्यवहार और विभाग के प्रति योगदान लंबे समय तक स्मरण में रहेगा।

शोक सभा में उपस्थित पत्रकारों ने स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों को स्थायी रूप से संजोने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। सर्वसम्मति से मांग की गई कि जिला सूचना कार्यालय नैनीताल के नव निर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल तथा हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। पत्रकारों ने कहा कि यह उनके कार्य और योगदान के प्रति सम्मान की सार्थक अभिव्यक्ति होगी।

प्रस्ताव पर सूचना संपादक कमलेश भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके योगदान को स्थायी रूप से सम्मान देने के लिए इन मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।

शोक सभा के दौरान माहौल भावुक रहा। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से प्रार्थना की कि वह शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उपस्थित पत्रकारों और विभागीय कर्मचारियों ने स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों को साझा करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

शोक सभा में जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम नारायण, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रेक बिष्ट, किशोर जोशी, अफजल हुसैन फौजी, रवि पाण्डे, दामोदर लोहनी, कमल जगाती, तेज सिंह, गौरव जोशी, सुनील बोरा, वीरेन्द्र बिष्ट, नरेश कुमार, संदीप कुमार, पंकज कुमार, नवीन तिवारी, राजू पाण्डे, सुरेश कांडपाल, शीतल तिवारी, गुड्डू ठठोला, तनुज पाण्डे, आकांक्षी, योगिता तिवारी, दीप्ति बोरा, सुमन सहित नगर के पत्रकार तथा सूचना विभाग के पवन नेगी, उमेद जीना, मोहन फुलारा, योगेश एवं हेमा उपस्थित रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement