नैनीताल शिक्षा

कुमाऊं विश्वविद्यालय की मनीषा जोशी ने अमेरिका में लहराया उत्तराखंड का परचम, मिला प्रतिष्ठित ACS Agro Journey Award

कुमाऊं विश्वविद्यालय की मनीषा जोशी ने अमेरिका में लहराया उत्तराखंड का परचम, मिला प्रतिष्ठित ACS Agro Journey Award

कुमाऊं विश्वविद्यालय की मनीषा जोशी ने अमेरिका में लहराया उत्तराखंड का परचम, मिला प्रतिष्ठित ACS Agro Journey Awardनैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डी.एस.बी. परिसर के रसायन विज्ञान विभाग की शोधार्थी मनीषा जोशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। मनीषा को अमेरिकन केमिकल सोसाइटी (ACS) Agro Division की ओर से वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ACS Agro Journey Award प्रदान किया गया है।

वर्ष 2026 में यह पुरस्कार विश्वभर से केवल दो शोधार्थियों को प्रदान किया गया, जिसमें भारत से मनीषा जोशी का चयन हुआ। पुरस्कार के साथ उन्हें 2,000 अमेरिकी डॉलर और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

मनीषा ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित ACS Fall 2026 National Meeting में 23 से 27 अगस्त तक प्रतिभाग किया और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय के सामने अपना शोध प्रस्तुत किया। उनका शोध “Thymus linearis Benth. Essential Oil as a Natural Antibacterial Agent for Sustainable Crop Protection” विषय पर केंद्रित रहा।

शोध में Thymus linearis के आवश्यक तेल के जीवाणुरोधी गुणों का अध्ययन करते हुए टिकाऊ फसल संरक्षण में इसके संभावित उपयोग को सामने रखा गया। प्राकृतिक स्रोत से प्राप्त इस आवश्यक तेल को फसल संरक्षण के लिए संभावित पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

मनीषा जोशी कुमाऊं विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में प्रो. गीता तिवारी के निर्देशन में शोध कार्य कर रही हैं। उनका शोध प्राकृतिक उत्पाद रसायन, फाइटोकेमिस्ट्री, जैव-सक्रिय प्राकृतिक यौगिकों और हरित रसायन विज्ञान से संबंधित है।

मनीषा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शोध निर्देशक प्रो. गीता तिवारी को दिया। उन्होंने शिकागो के डॉ. प्रवीण दुबे के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग के लिए भी विशेष आभार व्यक्त किया।

मनीषा की उपलब्धि पर विभागाध्यक्ष प्रो. एन. जी. साहू, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. चित्रा पांडे, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, डॉ. शिवांगी, डॉ. गिरीश सी. खर्कवाल, आयशा, श्रेया और अंकिता सहित अन्य सदस्यों ने बधाई दी।

मनीषा ने कहा कि ACS जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक संगठन के मंच पर शोध प्रस्तुत करने और सम्मान प्राप्त करने का अवसर उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय मंच युवा शोधकर्ताओं को वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय से जुड़ने और नए वैज्ञानिक सहयोग विकसित करने का अवसर देते हैं।