साइबर टिपलाइन की 11 शिकायतों पर नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन, नाबालिग से यौन शोषण का मामला उजागर
हल्द्वानी। साइबर टिपलाइन से प्राप्त 11 शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नैनीताल पुलिस ने बाल यौन शोषण से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 373/2026 के तहत धारा 14/15 पॉक्सो एक्ट और 67(B) आईटी एक्ट में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान करते हुए उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया।
पुलिस के अनुसार डिजिटल उपकरणों की जांच में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तथा अश्लील सामग्री की सर्च और डाउनलोड हिस्ट्री मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित दोनों घटना के समय नाबालिग थे और पड़ोस में रहते थे। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को आपत्तिजनक सामग्री दिखाकर उसका यौन शोषण किया तथा वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड किया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बिना अभिभावकीय निगरानी के इंटरनेट का इस्तेमाल करता था और ऑनलाइन आपत्तिजनक सामग्री सर्च व डाउनलोड करता था। पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी की है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया इस्तेमाल पर नजर रखने की अपील की है। साथ ही बच्चों से खुलकर संवाद करने और उन्हें ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा है। किसी भी तरह के ऑनलाइन शोषण की आशंका होने पर cybercrime.gov.in पर शिकायत तथा आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।



















