
नैनीताल। तल्लीताल स्थित जिला पंचायत मार्ग पर पिछले 8 से 10 दिनों से अज्ञात शरारती एवं अराजक तत्वों द्वारा लगातार पत्थरबाजी किए जाने की शिकायत सामने आई है। इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
जिवाजी कॉटेज कम्पाउंड, तल्लीताल निवासी राजेश चन्दोला ने इस संबंध में आयुक्त, कुमाऊं मंडल को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि प्रतिदिन शाम करीब 7 बजे भवनों पर पत्थर फेंके जा रहे हैं। इस दौरान पत्थरबाजी में स्थानीय निवासी सुधीर भट्ट घायल हुए हैं, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस के दो सिपाहियों को भी पत्थर लगे हैं।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने तथा तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर दोषियों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पत्थरबाजी में शामिल अराजक तत्वों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
