नैनीताल जनहित

नैनीताल में बारिश का कहर: 24 घंटे में 86.3 मिमी औसत वर्षा, 23 सड़कें बंद, बिजली व्यवस्था भी प्रभावित

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल में बारिश का कहर: 24 घंटे में 86.3 मिमी औसत वर्षा, 23 सड़कें बंद, बिजली व्यवस्था भी प्रभावित

नैनीताल, 9 जुलाई। जनपद नैनीताल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा गुरुवार सुबह 9:30 बजे जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन 86.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मूसलाधार बारिश के चलते जिले में 5 राज्य मार्ग और 18 ग्रामीण मार्ग सहित कुल 23 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।  

रिपोर्ट के अनुसार भीमताल में सबसे अधिक 124.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नैनीताल में 119 मिमी, बेतालघाट में 118.5 मिमी, मुक्तेश्वर में 96.2 मिमी, धारी (ओखलकांडा) में 80 मिमी, हल्द्वानी में 72 मिमी, कालाढूंगी में 46 मिमी तथा रामनगर में 44 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिसके चलते कई सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ी हैं।  

जिला प्रशासन के अनुसार बंद मार्गों को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग और संबंधित विभागों की टीमें युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है, ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।  

रिपोर्ट में बताया गया है कि गोला, कोसी और नंधौर नदियों का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे है, हालांकि लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। दूसरी ओर नौकुचियाताल और हैड़ाखान क्षेत्र में बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित हुई है, जिसे बहाल करने के लिए विद्युत विभाग की टीमें मौके पर कार्य कर रही हैं।  

आपदा रिपोर्ट के अनुसार बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों के घायल होने तथा एक पशु की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी आवासीय भवन के गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने की सूचना नहीं है।  

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *