सनवाल पब्लिक स्कूल की शानदार जीत, 3-0 से सेंट जॉन्स को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के फ्लैट्स मैदान में आयोजित प्रतिष्ठित 78वीं एच.एन. पांडे मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। सी.आर.एस.टी. ओल्ड बॉयज एसोसिएशन नैनीताल के तत्वावधान एवं नैनीताल बैंक के प्रायोजन में आयोजित प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल ने सेंट जॉन्स पब्लिक स्कूल नैनीताल को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। तेज रफ्तार, शानदार पासिंग और बेहतरीन तालमेल के चलते मुकाबला रोमांचक बना रहा। हालांकि सनवाल पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी।
मध्यांतर तक सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। मध्यांतर के बाद भी टीम ने आक्रामक खेल जारी रखा और एक और गोल दागकर अपनी बढ़त को 3-0 कर दिया। निर्धारित समय की समाप्ति तक सेंट जॉन्स की टीम कोई गोल नहीं कर सकी और सनवाल ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
सनवाल पब्लिक स्कूल की ओर से प्रतीक ने दो गोल, जबकि हिमांशु ने एक गोल किया। प्रतीक के शानदार प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मुकाबले में प्रेम सिंह बिष्ट, शेखर साह एवं अपूर्व सिंह बिष्ट ने रेफरी की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में अब क्वार्टर फाइनल का केवल एक मुकाबला शेष है। मंगलवार को नैंसी कॉन्वेंट ज्योलिकोट और सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल के बीच चौथा एवं अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले के बाद प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
