नैनीताल न्यूज

बिना अनुमति छुट्टी पड़ी भारी, डीएम ने जिला सहायक निबंधक पर की बड़ी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

लापरवाही पर डीएम का सख्त एक्शन, जिला सहायक निबंधक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शासकीय कार्यों में लापरवाही और बिना अनुमति अवकाश लेने के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन जिला सहायक निबंधक दान सिंह नपलच्याल के विरुद्ध उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज किए जाने की संस्तुति शासन को भेजी है।

जिलाधिकारी को प्राप्त शिकायतों और निरीक्षण आख्या में सामने आया कि संबंधित अधिकारी ने अपने कार्यकाल के दौरान कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध ढंग से निष्पादन नहीं किया। साथ ही सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अवकाश भी लिया। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा था।

स्पष्टीकरण में अधिकारी ने बिना अनुमति अवकाश लेने की बात स्वीकार की। उन्होंने जिला सहकारी बैंक नैनीताल के सदस्य-सचिव/प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार होने का उल्लेख किया, लेकिन जनपद में माननीय विशिष्ट अतिथियों के भ्रमण के दौरान कार्यक्रमों में अनुपस्थित रहने के संबंध में कोई संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं कर सके।

जिलाधिकारी ने इसे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन मानते हुए शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना। इसके चलते संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित किए जाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा बिना अनुमति अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जनहित से जुड़े सभी कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *