नैनीताल। जनपद नैनीताल में 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि यह अभियान उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में शहरी, ग्रामीण और वन क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान मुख्य मोटर मार्गों सहित अन्य संपर्क मार्गों की व्यापक सफाई कराई जाएगी।
विशेष अभियान के तहत हल्द्वानी-नैनीताल, हल्द्वानी-रामनगर, हल्द्वानी-खैरना (भीमताल मार्ग), भीमताल-कालाढूंगी तथा कालाढूंगी-नैनीताल सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रशासन ने तीन स्तरीय टीमें गठित की हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक डीआरडीए, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं सभी खंड विकास अधिकारियों को सौंपी गई है। शहरी क्षेत्रों में नगर निगम व नगरपालिकाओं के अधिकारी अभियान का संचालन करेंगे, जबकि वन क्षेत्रों में प्रभागीय वनाधिकारी एवं उनकी टीमें सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी टीमें 8 से 16 अगस्त के बीच अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाते हुए इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगी। अभियान से संबंधित सूचनाओं का संकलन कर उच्च न्यायालय में शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाया जाएगा। इसके लिए स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, जिला पंचायत, ब्लॉक प्रमुखों, ग्राम प्रधानों के साथ-साथ सरकारी संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी और एनएसएस की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
