
प्राधिकरण का काम विकास को गति देना, योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
नैनीताल। आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) भावना मेहरा ने शुक्रवार को नैनीताल में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता को राहत देना ही सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण का उद्देश्य जनहित के कार्यों को गति देना है, न कि लोगों के लिए अनावश्यक बाधाएं खड़ी करना।
नैनीताल क्लब सभागार में आयोजित बैठक में राज्यमंत्री ने भवन मानचित्रों की स्वीकृति में अनावश्यक आपत्तियां लगाकर लोगों को कार्यालयों के चक्कर कटवाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और एकमुश्त निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में भीमताल, सातताल और भवाली क्षेत्र की निर्माणाधीन पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
भावना मेहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आवास एवं शहरी विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में 18 हजार से अधिक आवास निर्माणाधीन हैं, जबकि रुद्रपुर में 1,872 फ्लैट तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि धामी सरकार 24×7 जनसेवा, पारदर्शिता और समयबद्ध विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
बैठक में विधायक सरिता आर्या, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, महिला आयोग सदस्य विमला अधिकारी,विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक भारत सिंह मेहरा हरीश राणा, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य, जिला पंचायत अधिकारी अनिल जोशी, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा, अधिशासी अभियंता शिवम धीमान तथा रामनगर, लालकुआं, भीमताल, भवाली और कालाढूंगी नगर निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
