नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त और रविवार 16 अगस्त को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोनों दिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा-रानीखेत से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जाने वाले गैर-आवश्यक भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार मस्जिद तिराहा भवाली पर रोका जा सकता है या रामगढ़-खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम भेजा जाएगा।
इसी तरह गेठिया-नैनीताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से भी स्थानीय शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करने तथा डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। भीड़ और जाम से बचने के लिए यात्री अपनी यात्रा निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ही करें।
