
नैनीताल। मुक्तेश्वर घूमने आए फरीदाबाद के पर्यटकों का सफर शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में बदल गया। रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फरीदाबाद से 21 लोगों का दोस्तों का समूह मुक्तेश्वर घूमने आया था। शुक्रवार दोपहर वापस लौटते समय दुत्कानेधार के पास अचानक वाहन चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टैंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीआरएफ की टीमों को भी मौके पर भेजने तथा जिलाधिकारी नैनीताल को घायलों के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई में फंसे पर्यटकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ भेजा गया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन को घायलों के उपचार और राहत-बचाव कार्य में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
