जनहित नैनीताल

नैनीताल में बारिश का कहर, 20 ग्रामीण मार्ग बंद; 4-5 सितंबर को भी बारिश की संभावना

🌧️नैनीताल में बारिश का कहर, 20 ग्रामीण मार्ग बंद; 4-5 सितंबर को भी  बारिश की संभावना

नैनीताल। जिले में लगातार बदल रहे मौसम के बीच बुधवार रात से बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में बारिश हुई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 3 सितंबर की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, जिले में वर्तमान में 20 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। संबंधित विभागों द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में नैनीताल में 70 मिमी, हल्द्वानी में 30 मिमी, रामनगर में 7.2 मिमी, कालाढूंगी में 27 मिमी, मुक्तेश्वर में 40 मिमी, कोटाबाग में 25 मिमी, ओखलकांडा में 36 मिमी, धारी में 38.6 मिमी और बेतालघाट में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले की औसत वर्षा 30.32 मिमी रही, जबकि वर्ष 2026 में अब तक संचयी वर्षा 943.53 मिमी दर्ज की गई है।

🌊 नदियों के जलस्तर पर भी नजर

रिपोर्ट में गौला नदी का डिस्चार्ज 8,058 क्यूसेक, कोसी नदी का 16,439 क्यूसेक और नयार नदी का 1,373 क्यूसेक दर्ज किया गया है। प्रशासन द्वारा नदियों के जलस्तर और लगातार हो रही बारिश पर निगरानी रखी जा रही है।

वहीं बारिश से जिले में जनहानि के साथ भवन एवं पशुधन संबंधी नुकसान भी दर्ज किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

🚧 20 ग्रामीण सड़कें बंद

नैनीताल, भवाली, हल्द्वानी, ज्योलीकोट और काठगोदाम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न ग्रामीण मार्ग बारिश एवं भूस्खलन के चलते बाधित हैं। इनमें तल्ला रामगढ़–रातीघाट, अल्चौना–ताड़ा, भवाली–बाईपास, सरना–शेरखानाला, कौल मोटर मार्ग, देवीपुरा–सीड़, खनस्यू–रिखाकोट, दिनकोट–चन्द्रकोट, हरतप्पा–हली, लोड़ाली–थुवाल्लांक, फतेहपुर–बेल, रातीघाट–बुधलाकोट, भुजियाघाट–सूर्यागांव, मोरचोला–भीड़ापानी, देवली–महतोली, पदमपुर–सुवाकोट, रुखड़ा कोटना–ककौड़, बरेली–अल्मोड़ा–सिरसा, पतलोट–पश्यागांव और पतलिया–ज्योस्युड़ा शामिल हैं।

⚠️ 4 और 5 सितंबर को भी  बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 4 सितंबर को नैनीताल समेत चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 5 सितंबर को भी नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश के तीव्र दौर की चेतावनी है। 

4 सितंबर: न्यूनतम करीब 17°C, अधिकतम 19°C, बादल छाए रहने के साथ बारिश/गरज-चमक के एक-दो दौर।

  • 5 सितंबर: न्यूनतम करीब 17°C, अधिकतम 18°C, बारिश और गरज-चमक की संभावना। 

🟠 प्रशासन की अपील

लगातार बारिश और सड़क बंद होने की स्थिति को देखते हुए लोगों से अनावश्यक पहाड़ी यात्रा से बचने, नदी-नालों के आसपास न जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की जाती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भी बारिश के तीव्र दौर की संभावना जताई है। 

खबरी दाज्यू | हर खबर पर दाज्यू की नजर