दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप, 16 से 21 अक्टूबर तक होगा आयोजन
नैनीताल। आगामी शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर पूजा समिति और कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष महोत्सव का आयोजन 16 से 21 अक्टूबर तक किया जाएगा।
बैठक में महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। पंडाल निर्माण, मां दुर्गा की प्रतिमा निर्माण, सजावट, विद्युत व्यवस्था और प्रसाद वितरण के लिए अलग-अलग कार्यकर्ता टीमों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पूजा के दौरान संध्या आरती के साथ स्थानीय कलाकारों और बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई। समिति पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल, महामंत्री उमेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, सुरेश चंद्र चौधरी, विनोद चंद्र पंत, पवन व्यास, सावित्री सनवाल, अक्षय अग्रवाल, आलोक चौधरी, दिनेश भट्ट, मनोज सिंह बिष्ट, केस अधिकारी, सौरव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






