नंदा देवी महोत्सव के समापन पर 23 सितंबर को नैनीताल, भवाली और भीमताल में स्कूल-कॉलेज बंद
नैनीताल, 22 सितंबर
ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव के समापन एवं 23 सितंबर को प्रस्तावित भव्य शोभायात्रा और माँ नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम के मद्देनजर नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में शिक्षण संस्थान एवं आंगनबाड़ी केंद्र एक दिन के लिए बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने बताया कि 23 सितंबर को नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव का विधिवत समापन भव्य शोभायात्रा एवं डोला विसर्जन के साथ होगा। वहीं भवाली एवं भीमताल नगर क्षेत्रों में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नैनीताल, भवाली एवं भीमताल नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विश्वविद्यालयों में 23 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आदेश का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाने को कहा है।
खबरी दाजू | हर खबर पर दाज्यू की नजर






