
बच्चों का अन्नप्राशन, फलदार पौधों का रोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुआ संवाद
कोटाबाग/नैनीताल। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग ब्लॉक के पाण्डेगांव और तलिया में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों का अन्नप्राशन, फल वितरण और वृक्षारोपण भी किया गया।
पाण्डेगांव आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा ग्रामीण मंडल नैनीताल के महामंत्री (ओबीसी मोर्चा) गौरव गोस्वामी तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्या रहे। ग्राम प्रधान प्रभा पाण्डे ने अतिथियों और क्षेत्रवासियों का स्वागत किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंजु बोहरा और सहायिका नीलम लोहनी ने महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर मंजु बोहरा, नीलम लोहनी, सुपरवाइजर सुनीता सहित केंद्र के संचालन में सहयोग करने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। बच्चों को फल, मिठाई और चॉकलेट वितरित किए गए तथा बच्ची गौरी का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इसके बाद तलिया ग्राम सभा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भी आंगन मिलन उत्सव हुआ। ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश सनवाल ने अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत किया। कार्यकर्ता जानकी आर्या और सहायिका दीपा आर्या ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बच्चों को फल, बिस्कुट और चॉकलेट बांटे गए तथा आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में सहयोग करने वालों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान हेम आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के पोषण, शिक्षा और देखरेख में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने, मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से बचाने तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने का आह्वान किया।
गौरव गोस्वामी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मातृशक्ति के योगदान की सराहना करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर लाभार्थियों से फीडबैक और सुझाव लिए। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव देने की अपील की।
कार्यक्रम में कोटाबाग कॉलेज छात्रसंघ की निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित लता आर्या को भी शुभकामनाएं दी गईं।
समापन पर समर्पण ध्यान केंद्र के संयोजक दीपेश जोशी ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद फलदार पौधों का वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा ग्रामीण मंडल की क्षमा पाण्डे, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मोहन सिंह दानी, तारा सिंह बिष्ट, भावना लोहनी, माया पंत, धरा देवी, तुलसी देवी, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या खष्टी देवी, पुष्पा देवी, घना देवी, कमला गर्जोला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






