न्यूज

2027 की चुनावी तैयारी के बीच हेम आर्य का बड़ा संदेश, बोले— धामी सरकार में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा उत्तराखंड

2027 की चुनावी तैयारी के बीच हेम आर्य का बड़ा संदेश, बोले— धामी सरकार में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा उत्तराखंड

बजून में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े का भव्य आयोजन, राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन; महिला शक्ति ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं, हेम आर्य ने ग्रामीणों से भाजपा के पक्ष में एकजुट होने का किया आह्वान

नैनीताल। उत्तराखंड में विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को लेकर भाजपा ने गांवों में जनसंपर्क और संवाद की मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में नैनीताल विधानसभा क्षेत्र की न्याय पंचायत खुर्पाताल के बजून में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता हेम आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी के बीच विकास, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण सुविधाओं और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी चर्चा हुई।

धामी सरकार के फैसलों को बताया विकास की मजबूत नींव

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता हेम आर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण किसी एक दिन का परिणाम नहीं, बल्कि हजारों आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली गाथा है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का सपना साकार किया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों के साथ महिलाओं के सम्मान, युवाओं के भविष्य, किसानों के हितों और ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

हेम आर्य ने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को अंतिम गांव तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिस समृद्ध, आत्मनिर्भर और खुशहाल उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे पूरा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

2027 के लिए भी भाजपा के समर्थन का आह्वान

हेम आर्य ने क्षेत्रवासियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भी भाजपा को समर्थन देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

महिला शक्ति ने खोला समस्याओं का मोर्चा, विकास के मुद्दों पर हुई खुली चर्चा

कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने भी खुलकर अपनी बात रखी। महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा, स्वरोजगार और गांवों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए गए। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को अतिथियों के सामने रखा। हेम आर्य सहित उपस्थित भाजपा नेताओं ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

सामाजिक कार्यकर्ता नीमा कनवाल ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने जरूरी हैं। वहीं ग्रामीण मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश उप्रेती ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश मेहरा ने राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और विकास के संकल्प से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

ओबीसी मोर्चा ग्रामीण मंडल महामंत्री गौरव गोस्वामी ने राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी क्षेत्रवासियों और महिला शक्ति का आभार जताया।

कार्यक्रम का संचालन गौरव गोस्वामी ने किया। इस अवसर पर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश मेहरा, मंडल मंत्री विजय बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता नीमा कनवाल, मंजू आर्या, शीला देवी, पुष्पा देवी, राधा देवी, डॉली देवी, भगा देवी, रेखा देवी, हेमा देवी, शांति देवी, चंद्रशेखर कार्की, विक्रम कनवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का समापन राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

खबरी दाजू समाचार | हर खबर पर दाज्यू की नजर

Advertisement