धनतेरस और वीकेंड पर कैंची धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, 6 से 8 नवंबर तक बदला रहेगा यातायात प्लान
भारी वाहनों पर रोक, निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था लागू; टैक्सी और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध
नैनीताल। धनतेरस एवं वीकेंड के मद्देनजर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। पुलिस का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखने के साथ ही कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।
भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
यातायात प्लान के तहत सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।
बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन
सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बसों एवं चौपहिया वाहनों के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
- अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- हल्द्वानी, काठगोदाम एवं मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए जाएंगे।
- काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था
पुलिस ने कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की है।
- भीमताल मार्ग से आने वाले निजी वाहन: विकास भवन पार्किंग, भीमताल में वाहन पार्क करेंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।
- ज्योलिकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहन: भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। यहां से शटल सेवा के जरिए कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी एवं बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वालों के लिए रूट
भीमताल से आने वाले अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम की ओर जाने वाले वाहन नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया वाहनों और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग एवं शटल व्यवस्था का पालन करें। अनावश्यक जाम से बचने के लिए निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
खबरी दाजू.com | हर खबर पर दाज्यू की नजर

