नैनीताल जनहित

नैनीताल के शैडो क्षेत्रों में 15 दिन में सुधरेगा मोबाइल नेटवर्क, सीडीओ ने कंपनियों को दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल, 23 जुलाई। जनपद नैनीताल में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति और शैडो क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, इंडस टावर्स और वोडाफोन आइडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध न होने से आम जनता के साथ-साथ सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऑनलाइन कार्यों के निष्पादन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी कंपनियों को नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त सर्वेक्षण कर 15 दिनों के भीतर मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि नेटवर्क की कमी के कारण विभिन्न ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम, सरकारी योजनाओं के पोर्टल, मोबाइल एप्लीकेशन तथा विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मनरेगा सहित कई योजनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टियां समय पर नहीं हो पा रही हैं।

बैठक में हल्द्वानी-भीमताल और हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग पर नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर आवश्यक स्थानों पर मोबाइल टावरों की क्षमता और कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन जनपद है। ऐसे में पर्यटन स्थलों और प्रमुख संपर्क मार्गों पर निर्बाध मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कोटाबाग, पंगोट, धारी, रामनगर के ढिकुली क्षेत्र तथा ओखलकांडा विकासखंड के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी दूरसंचार कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित 15 दिन की समयसीमा में जनपद के सभी शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *