
नैनीताल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर शुक्रवार को कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की बैठक के बाद प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताते हुए इसे लेकर अपनी आपत्तियां मीडिया के सामने रखीं। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई गई।
बैठक में 2 अक्टूबर से शुरू हुए ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बताया गया कि 3 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी, जबकि 4 अक्टूबर को रामनगर में जिला स्तरीय ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। मार्च के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किए जाने की भी जानकारी दी गई।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र पाल, कैलाश चंद्र जोशी, दुर्गा सिंह मेहता, सतीश नैनवाल, भावना भट्ट, प्रेम कुमार शर्मा, बंटू आर्य, शार्दूल नेगी, शेखर दानी और सुहैल सिद्दीकी मौजूद रहे।






