
– प्रभारी जिलाधिकारी अरविंद कुमार पांडे के निर्देश पर झील व नालों की हुई सफाई, गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
नैनीताल। सोशल मीडिया पर नैनीझील में गंदगी फैलने की शिकायत सामने आते ही जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के निर्देश पर शनिवार को नैनीझील में बृहद सफाई अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे तक चले अभियान में नगर पालिका परिषद नैनीताल और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने झील के किनारों और जल क्षेत्र से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, पॉलिथीन एवं अन्य कचरा हटाकर उसका नियमानुसार निस्तारण किया।
उपजिलाधिकारी नैनीताल के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान झील के आसपास फैली गंदगी के साथ-साथ झील में गिरने वाले नालों की भी सफाई कराई गई, ताकि भविष्य में कचरा झील तक न पहुंचे।
प्रभारी जिलाधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने नगर पालिका और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नैनीझील की सफाई केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे नियमित रूप से जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि नैनीझील नैनीताल की पहचान और धरोहर है, इसकी स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने उपजिलाधिकारी को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा नगर पालिका परिषद को नगर क्षेत्र और झील में गिरने वाले सभी नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति झील या नालों में कूड़ा फेंकता या गंदगी फैलाता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से भी नैनीझील की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी की सहभागिता से ही नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण का संरक्षण संभव है।
