
हल्की बारिश में ही चिल्ड्रन पार्क बना तालाब, पानी से होकर झूलों तक पहुंचने को मजबूर बच्च
नैनीताल। नैनीताल में मानसून की हल्की बारिश ने ही नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। डीएसए मैदान में जलभराव के बाद अब मल्लीताल स्थित चिल्ड्रन पार्क भी पानी से भर गया है। पार्क के कई हिस्सों में पानी जमा होने से बच्चों को झूलों तक पहुंचने के लिए जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
पिछले एक महीने से रुक-रुक कर हो रही बारिश के दौरान चिल्ड्रन पार्क में लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश थमने के बाद पार्क पहुंचे बच्चों और उनके परिजनों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई बच्चे पानी के बीच से होकर झूलों तक पहुंचे और खेलते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से निपटने और बेहतर जल निकासी के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। उनका कहना है कि डीएसए मैदान और चिल्ड्रन पार्क दोनों ही नगर पालिका कार्यालय से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में प्रशासनिक मुख्यालय के आसपास ही जलभराव की स्थिति नगर की तैयारियों पर सवाल खड़े करती है।
इस संबंध में एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की सूचना मिली है। संबंधित विभागों को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जा रहा है तथा जल निकासी व्यवस्था को जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं।
