दो सप्ताह से बह रहा सीवर, अस्पताल स्टाफ क्वार्टर में दुर्गंध से बढ़ी परेशानी
निर्माण कार्य में क्षतिग्रस्त लाइन का नहीं हुआ स्थायी समाधान, गंदा पानी नैनी झील तक पहुंचने की आशंका
नैनीताल। मल्लीताल स्थित बीडी पांडे जिला अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइन पिछले करीब दो सप्ताह से लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर के समीप लगातार सीवर का गंदा पानी बहने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है, जिससे अस्पताल कर्मियों, स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिंता की बात यह है कि यह गंदा पानी बहते हुए नैनी झील की ओर भी पहुंच रहा है।
जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से लगातार सीवर का पानी निर्माणाधीन स्थल और आसपास के क्षेत्र में फैल रहा है। शिकायत मिलने पर जल संस्थान की टीम ने दो बार मरम्मत का प्रयास किया, लेकिन सीवर लाइन और चैंबर फिर से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
अस्पताल स्टाफ क्वार्टर में रहने वाली नर्सिंग स्टाफ मीनाक्षी, उर्मिला दास, प्रतिभा और जानकी कनवाल ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से दुर्गंध के बीच रहना मुश्किल हो गया है। बारिश और उमस के कारण स्थिति और अधिक खराब हो गई है तथा संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। उनका कहना है कि कई बार संबंधित विभागों से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
मामले में एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि उन्हें समस्या की जानकारी मिली है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने तथा सीवर लाइन की शीघ्र मरम्मत कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
