खबरी दाजू | नैनीताल
नैनीताल पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर को वीकेंड के मद्देनजर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र के लिए विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
सुबह 3 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
पुलिस के अनुसार, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
- अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल मार्ग से जाएंगे।
- रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
- हल्द्वानी-काठगोदाम से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होते हुए जाएंगे।
- काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहन: सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
इन वाहनों के लिए निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
कैंची धाम जाने वाले पर्यटक ध्यान दें!
भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक: निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करेंगे। यहां से शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।
गेठिया-नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटक: निजी वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में खड़े करेंगे। यहां से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
टैक्सी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यात्रा पर निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी अवश्य लें।
खबरी दाजू — हर खबर पर दाज्यू की नजर।
यह खबर उन लोगों तक जरूर पहुंचाएं, जो इस वीकेंड कैंची धाम जाने की योजना बना रहे हैं।



















