नैनीताल। छावनी परिषद नैनीताल के कैला खान में आयोजित नौ दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत शुक्रवार को मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह ब्रह्म मुहूर्त में ज्योतिषाचार्य पंडित प्रकाश जोशी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
इस दौरान ठाकुर आनंद सिंह बिष्ट ने सपत्नीक स्वस्तिवाचन, षोडशोपचार गणेश पूजन के बाद दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी तनु जाट के नेतृत्व में महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति का मिलता है आशीर्वाद
पौराणिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए आचार्य प्रकाश जोशी ने बताया कि मां कात्यायनी की आराधना से भक्तों को धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है। मां की उपासना से रोग, शोक, संताप और भय दूर होने की मान्यता है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में प्राप्त करने की कामना से ब्रज की गोपियों ने भी मां कात्यायनी की पूजा की थी।
आचार्य ने बताया कि महर्षि कात्यायन ने भगवती पराम्बा की उपासना कर उनसे पुत्री रूप में जन्म लेने की कामना की थी। उनकी इच्छा पूर्ण करने के लिए मां भगवती ने उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लिया, जिसके चलते देवी का नाम कात्यायनी पड़ा। दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों से कैला खान में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।



















