
नैनीताल। 103वीं लैन्डो लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत आज दो रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें गैलेक्सी इलेवन और यूनिवर्सल इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
दिन का पहला मुकाबला गैलेक्सी इलेवन और सैम स्ट्राइकर के बीच खेला गया। गैलेक्सी इलेवन ने एकतरफा खेल दिखाते हुए सैम स्ट्राइकर को 7-0 से करारी शिकस्त दी। टीम की ओर से सौम्या ने शानदार 3 गोल, जबकि प्रांजल ने 2 गोल किए। अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
दूसरा मुकाबला यूनिवर्सल इलेवन और सेरटा बोनम के बीच खेला गया। इस मैच में यूनिवर्सल इलेवन ने 3-1 से जीत हासिल की। विजेता टीम की ओर से कुणाल ने 2 गोल और सुनील ने 1 गोल किया, जबकि सेरटा बोनम की ओर से लक्ष्य ने एकमात्र गोल दागा।
प्रतियोगिता के दौरान पवन खडायत, खीमराज देउपा, शैलेन्द्र बर्गली, हरीश जोशी, वीरेन्द्र साह, जलज बर्मा, डॉ. मनोज बिष्ट, सन्तोष साह, उमेश मेहता सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
