नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 10 जुलाई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट और अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली, तेज गर्जना और तीव्र वर्षा दौर की संभावना जताई है। लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन तथा जनहानि की आशंका को देखते हुए यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
