
नैनीताल। सी.आर.एस.टी. ओल्ड बॉयज एसोसिएशन नैनीताल के तत्वावधान एवं नैनीताल बैंक के प्रायोजन में आयोजित 78वीं एच.एन. पाण्डे मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच गया है। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल को 8-0 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत से ही सनवाल पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने आक्रामक तेवर दिखाए। गेंद पर बेहतरीन नियंत्रण, शानदार तालमेल और लगातार गोल के प्रयासों से टीम ने लेक्स इंटरनेशनल स्कूल पर दबाव बनाए रखा। मध्यांतर तक सनवाल की टीम 4-0 से आगे थी।
दूसरे हाफ में भी सनवाल के खिलाड़ियों का तूफानी प्रदर्शन जारी रहा। टीम ने चार और गोल दागते हुए स्कोर 8-0 कर दिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हसान अली ने मचाया तहलका, दागे 5 गोल
सनवाल पब्लिक स्कूल की जीत के सबसे बड़े नायक हसान अली रहे। उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अकेले 5 गोल दागे, जिसमें लगातार तीन गोल कर शानदार हैट्रिक भी शामिल रही। वहीं प्रतीक ने 2 गोल और हिमांशु ने 1 गोल कर टीम को एकतरफा जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पूरे मुकाबले के दौरान सनवाल के खिलाड़ियों की रफ्तार और आक्रामक खेल ने दर्शकों को रोमांचित किया। वहीं लेक्स इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सनवाल की मजबूत रणनीति और शानदार डिफेंस के सामने उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में प्रेम सिंह बिष्ट, शेखर साह और नकुल सिंह बिष्ट ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
अब बिड़ला विद्या मंदिर और सेंट जोसेफ के बीच महामुकाबला
टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल 13 अगस्त 2026, गुरुवार को खेला जाएगा। इसमें बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल और सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल की टीमें आमने-सामने होंगी।
इस मुकाबले पर खेलप्रेमियों की नजरें टिकी हुई हैं। दूसरे सेमीफाइनल के बाद तस्वीर साफ होगी कि खिताबी मुकाबले में सनवाल पब्लिक स्कूल के सामने कौन-सी टीम फाइनल में उतरेगी।
