नैनीताल धार्मिक

श्रावण मास में शिवभक्ति से सराबोर हुआ राम सेवक सभा परिसर, साह-चौधरी समाज के भजन-कीर्तन में उमड़े श्रद्धालु

ख़बर शेयर करें

नैनीताल, 4 अगस्त। श्रावण (सावन) मास के पावन अवसर पर साह-चौधरी समाज, नैनीताल द्वारा श्री राम सेवक सभा में भव्य भजन-कीर्तन एवं सामूहिक शिव आराधना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ भगवान शिव के पूजन-अर्चन से हुआ। इसके बाद महिलाओं की भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक शिव भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर तक भजन-कीर्तन में झूमते रहे और सामूहिक शिव आराधना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, साह-चौधरी समाज के अध्यक्ष मनोज साह (मन दा), उपाध्यक्ष हितेश साह, महिला उपाध्यक्ष भारती साह, सचिव शैलेन्द्र चौधरी, मीडिया प्रभारी मोहित लाल साह सहित समाज के पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर बल दिया। अंत में साह-चौधरी समाज की ओर से सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित एवं धार्मिक गतिविधियों में इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *