नैनीताल धार्मिक

16 से 23 सितंबर तक सजेगा 124वां नंदा देवी मेला महोत्सव, तैयारियों में जुटा प्रशासन; स्थानीय संस्कृति और व्यवस्थाओं पर रहेगा विशेष फोकस

ख़बर शेयर करें

 

16 से 23 सितंबर तक सजेगा 124वां नंदा देवी मेला महोत्सव, तैयारियों में जुटा प्रशासन; स्थानीय संस्कृति और व्यवस्थाओं पर रहेगा विशेष फोकस

नैनीताल। नैनीताल की आस्था और लोक संस्कृति का प्रतीक 124वां नंदा देवी मेला महोत्सव इस वर्ष 16 से 23 सितंबर 2026 तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। बुधवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विधायक सरिता आर्या, श्री राम सेवा समिति, मंदिर समिति, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला जनपद की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रमुख पर्व है। मेले में आयोजित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय लोक परंपरा और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित होंगे। स्थानीय लोक कलाकारों को प्राथमिकता देने के साथ ही हाउस ऑफ हिमालया, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

उन्होंने मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए। पूरे नगर को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया जाएगा तथा ठंडी सड़क सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए।

बैठक में पंडाल, मंच, टेंट और स्टॉल निर्माण के लिए पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी करने, श्री रामसभा स्थल और मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने तथा श्री राम सेवा समिति के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने डोला यात्रा मार्गों की मरम्मत, लोअर मॉल रोड को सुचारु करने और डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। मेला क्षेत्र में कीचड़ से बचाव के लिए आवश्यक स्थानों पर कंक्रीट बिछाने के भी निर्देश दिए गए।

मेले के दौरान सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड निर्माण, झूलते विद्युत तारों की मरम्मत और मार्गों पर पेड़ों की लॉपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसें, बेहतर यातायात प्रबंधन और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल नगर की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि 124वां नंदा देवी मेला जनपद की पहचान है और इसे भव्य, सुव्यवस्थित तथा स्थानीय संस्कृति के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *