दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स का फैसला वापस ले पालिका, नहीं तो होगा आंदोलन: अनुपम कबड़वाल
नैनीताल। नगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल ने नगर पालिका परिषद, नैनीताल द्वारा दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूली के निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आम जनता के हितों के खिलाफ है और इससे शहर की छवि के साथ-साथ स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित होगी।
कबड़वाल ने कहा कि नैनीताल हाईकोर्ट, मंडल एवं जिला मुख्यालय, कुमाऊँ विश्वविद्यालय सहित अनेक सरकारी कार्यालयों का मुख्यालय है। ऐसे में दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने से छात्र, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी, होटल व्यवसाय से जुड़े सैकड़ों कर्मचारी और मध्यम वर्गीय परिवार सीधे प्रभावित होंगे। उन्होंने आशंका जताई कि इस निर्णय से पर्यटन गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
उन्होंने पालिका के उस तर्क पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया है कि यूके-04 पंजीकरण वाले दोपहिया वाहनों से शुल्क नहीं लिया जाएगा। कबड़वाल ने कहा कि यदि ऐसा है तो नैनीताल जिले के अंतर्गत आने वाले रामनगर (यूके-19) के लोग अपने ही जिले में बाहरी माने जाएंगे, जो पूरी तरह अनुचित और भेदभावपूर्ण है।
पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका पहले ही पार्किंग और टोल शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर जनभावनाओं की अनदेखी कर चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पालिका प्रशासन जनहित में इस निर्णय को शीघ्र वापस नहीं लेता, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर पालिका के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगी।
