नैनीताल शिक्षा

भारी बारिश के अलर्ट पर नैनीताल में 14 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

ख़बर शेयर करें

🌧️ भारी बारिश के अलर्ट पर नैनीताल में 14 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और 14 अगस्त को अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार 14 अगस्त 2026 को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके चलते नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है। किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के तहत कक्षा 1 से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान 14 अगस्त को बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

हालांकि, आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने बारिश के दौरान लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *