उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान डॉ. डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे कि अचानक कमजोर हो चुकी दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में वे मलबे के नीचे दब गए।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
इस दुखद घटना से स्वास्थ्य विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। साथ ही, सरकारी भवनों की जर्जर स्थिति और मरम्मत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
