हल्द्वानी

न्यूज़ पोर्टलों के विज्ञापन रेट पर पुनर्विचार की मांग, डिजिटल मीडिया संचालकों ने उठाई आवाज

 

न्यूज़ पोर्टलों के विज्ञापन रेट पर पुनर्विचार की मांग, डिजिटल मीडिया संचालकों ने उठाई आवाज

हल्द्वानी। हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के बैनर तले न्यूज़ पोर्टल संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026 के लिए न्यूज़ पोर्टलों की इनपैनलमेंट प्रक्रिया और निविदा में निर्धारित विज्ञापन दरों को लेकर गहन चर्चा की गई।

सोमवार को सूचना महानिदेशालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए न्यूज़ पोर्टलों की इनपैनलमेंट संबंधी निविदा खोले जाने के बाद संचालकों ने निर्धारित विज्ञापन दरों को लेकर चिंता जताई। संचालकों का कहना है कि मौजूदा दरें डिजिटल मीडिया संस्थानों के संचालन, तकनीकी संसाधनों, कर्मचारियों और समाचार संकलन से जुड़े खर्चों को देखते हुए व्यवहारिक नहीं हैं।

बैठक में न्यूज़ पोर्टल संचालकों ने महानिदेशक सूचना से विज्ञापन दरों पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया आज पत्रकारिता का एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। स्थानीय स्तर पर न्यूज़ पोर्टल लगातार जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ ही सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

संचालकों ने कहा कि डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और जिम्मेदारियों को देखते हुए ऐसी विज्ञापन दरें निर्धारित की जानी चाहिए, जो पोर्टल संचालन की वास्तविक लागत के अनुरूप हों और छोटे एवं मध्यम स्तर के न्यूज़ पोर्टलों के हितों को भी सुरक्षित रखें।

बैठक में गिरीश जोशी, तारा जोशी, ईश्वरी दत्त भट्ट, महेंद्र सिंह नेगी, धर्मानंद खोलिया, सुरेश पाठक, दिनेश पांडेय, हर्ष रावत, अंकित साह, जीवन राज, सचिन जोशी, मोहन कांडपाल, अकरम सिद्दीकी सहित दर्जनों पत्रकार एवं न्यूज़ पोर्टल संचालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *