मंगोली व गहलना में आंगन मिलन कार्यक्रम, महालक्ष्मी किट व पोषण आहार वितरित
नैनीताल। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने बुधवार को नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक के मंगोली, गहलना एवं सिलमोड़िया क्षेत्रों का दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लोगों से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली।
मंगोली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में डॉ. भुवन चंद्र आर्य मुख्य अतिथि तथा चंदन सिंह कनवाल विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं गहलना/सिलमोड़िया स्थित आंगन मिलन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा बच्चों को पोषण आहार वितरित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान डॉ. आर्य ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके कार्य को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. आर्य ने मंगोली में किशन सिंह मेहरा, जितेंद्र सिंह मेहरा, तेज सिंह मेहरा, ग्राम प्रधान हेम बहुखंडी तथा बूथ अध्यक्ष चंदन कनवाल समेत अन्य ग्रामीणों से भी जनसंपर्क किया।
इसके बाद डॉ. आर्य ने उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी संस्थान, पटवाडांगर में कर्मचारियों के साथ बैठक की। कर्मचारियों ने मुख्य रूप से मानदेय बढ़ाने की मांग रखी। डॉ. आर्य ने आश्वासन दिया कि वे कर्मचारियों की मांग को लेकर विभागीय मंत्री, मुख्यमंत्री एवं विभागीय सचिव से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान का अनुरोध करेंगे।
कार्यक्रमों में गीता कनवाल, शांति मेहरा, ग्राम प्रधान भारती मेहरा, आशा कार्यकर्त्री किरन मेहरा, पुष्पा मेहरा, दया मेहरा, निकिता मेहरा, भगवती मेहरा, हेमा मेहरा, गीता मेहरा, शिवानी बिष्ट, रितु आर्य, लीला बिष्ट, उमा देवी, गुड्डी देवी, मुन्नी, भावना देवी, पुष्पा देवी, जानकी देवी, भारती आर्या, किरन बिष्ट, महेंद्र सिंह मेहरा, लक्ष्मी राज, चंपा देवी, हेमा आर्या सहित ग्रामीण एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







