हल्द्वानी | नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित करने की मांग की।
सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री को सौंपे मांग पत्र में कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी और स्थानीय यात्री दिल्ली समेत अन्य स्थानों की यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में काठगोदाम और दिल्ली के बीच रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी और गति यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि प्रतिदिन सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जाए, तो यात्री सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे और शाम को दिल्ली से वापस लौटकर उसी दिन काठगोदाम पहुंचने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं तेज रेल सेवा मिल सकेगी।
सांसद ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सेवा की मांग कर रही है।
अजय भट्ट ने यह भी बताया कि वह इस विषय में पहले भी दो बार रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं तथा व्यक्तिगत रूप से भी आग्रह कर चुके हैं। उन्होंने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया।
—khabri daju.com
Facebook Page: Ganesh Chandra Kandpal | Follow करें
