हल्द्वानी दुर्घटना

तीनपानी बाईपास हादसे के बाद एक्शन में एसएसपी, घटनास्थल का किया निरीक्षण, वैज्ञानिक जांच के दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर चार लोगों की जान लेने वाले भीषण सड़क हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए

गौरतलब है कि 11 जुलाई की रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) ने पुल के घुमाव पर स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद एसपी क्राइम/यातायात और एसपी सिटी हल्द्वानी ने बेस चिकित्सालय पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी।

सोमवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दुर्घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सड़क की स्थिति, दोनों वाहनों की दिशा और अन्य तकनीकी पहलुओं का अध्ययन किया। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुझाने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि यह बेहद दुखद और गंभीर हादसा है, जिससे समाज, वाहन चालकों और पुलिस व्यवस्था सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और सतर्कता ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए लगातार सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *