नैनीताल। नैनीताल में टैक्सी बाइकों का अवैध संचालन एक बार फिर पुलिस और परिवहन विभाग के लिए चुनौती बन गया है। सख्ती के बावजूद कई संचालक पर्यटकों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) के ही स्कूटी और बाइक किराये पर दे रहे हैं। इतना ही नहीं, जांच से बचने के लिए कुछ मामलों में पर्यटकों को फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
पुलिस जांच में पूर्व में कई फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हो चुके हैं और ऐसे मामलों में संबंधित टैक्सी बाइकों को सीज भी किया गया है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन लगातार जारी है।
अब पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों, पर्यटन स्थलों और टैक्सी बाइक संचालन वाले क्षेत्रों में जांच अभियान और तेज कर दिया है। अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले पर्यटकों, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने वालों तथा नियमों के विपरीत टैक्सी बाइक किराये पर देने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एसपी यातायात एवं अपराध डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि बिना डीएल वाहन चलाने वालों और नियमों का उल्लंघन कर टैक्सी बाइक किराये पर देने वाले संचालकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के वाहन सीज करने सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
