नैनीताल न्यूज

हिमालयन बॉटनीकल गार्डन में मिला दुर्लभ व्हाइट लिप्ड पिट वाइपर, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल। हिमालयन बॉटनीकल गार्डन में सोमवार को दुर्लभ प्रजाति का व्हाइट लिप्ड पिट वाइपर (White-lipped Pit Viper) दिखाई देने से कर्मचारियों में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित पकड़कर संरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बॉटनीकल गार्डन में झाड़ियों की सफाई के दौरान कर्मचारियों की नजर हरे रंग के इस विषैले सांप पर पड़ी। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर रिहायशी क्षेत्र से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

वन बीट अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि व्हाइट लिप्ड पिट वाइपर आमतौर पर हिमालयी क्षेत्रों और दक्षिण-पूर्व एशिया में पाया जाता है। उन्होंने बताया कि बॉटनीकल गार्डन में इस प्रजाति का सांप पहली बार देखा गया है।

उन्होंने बताया कि इस सांप का वैज्ञानिक नाम ट्राइमेरेसुरस अल्बोलाब्रिस (Trimeresurus albolabris) है। इसका शरीर चमकीले हरे रंग का होता है, लंबाई लगभग दो से तीन फीट तक होती है और इसकी पहचान सफेद होंठ (व्हाइट लिप) तथा विशिष्ट सिर की बनावट से की जाती है। यह मुख्य रूप से पेड़ों और झाड़ियों में रहने वाला निशाचर (रात्रिचर) जीव है।

अरविंद कुमार ने बताया कि यह हेमोटॉक्सिक विष वाला जहरीला सांप है, जिसका विष मुख्य रूप से रक्त और ऊतकों को प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *