
नैनीताल। खुर्पाताल स्थित मां मनसा देवी मंदिर में नौ दिनों से चल रहे धार्मिक आयोजन का सोमवार को भव्य भंडारे के साथ समापन हुआ। समापन अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सुंदरकांड पाठ, हवन और कन्या पूजन के बाद आयोजित भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
नौ दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। अंतिम दिन सुबह विधि-विधान के साथ सुंदरकांड का पाठ और हवन किया गया। इसके बाद कन्या पूजन कर श्रद्धालुओं ने मां का आशीर्वाद लिया। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत मंदिर परिसर में भव्य भंडारा शुरू हुआ, जो देर तक चलता रहा।
भंडारे में खुर्पाताल सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नैनीताल और हल्द्वानी से पहुंचे श्रद्धालु तथा पर्यटक भी शामिल हुए। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां मनसा देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष हरेंद्र बिष्ट, सचिव दीपक पांडेय, दीपक कराकोटी, कृपाल कराकोटी सहित समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में विधायक सरिता आर्य, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भुवन आर्य, महेंद्र बिष्ट, अन्नू पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने बताया कि नौ दिनों तक चले धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। अंतिम दिन भंडारे में उमड़ी भीड़ ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। मंदिर परिसर में दिनभर मां के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।



















