नैनीताल में मौसम का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ने सभी विभागों को किया अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
नैनीताल, 29 अक्टूबर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नैनीताल जनपद के लिए 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने और सभी कार्मिकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बने रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय रखने को कहा है।
डीएम की जनता से अपील
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आमजन से मौसम विभाग के अलर्ट को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करने की अपील की है। उन्होंने लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को किसी भी संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।



















