⌊
नैनीताल। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में शनिवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब दोपहिया वाहनों के टोल टैक्स टेंडर समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के दौरान सभासद जीनू पांडे और अधिशासी अधिकारी (ईओ) रोहिताश शर्मा के बीच तीखी बहस हो गई।
बैठक के दौरान टोल टैक्स और अन्य विषयों पर सवाल उठाए जाने पर ईओ द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण से कई सभासद असंतुष्ट दिखाई दिए। इसी बीच सभासद जीनू पांडे और ईओ रोहिताश शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान ईओ रोहिताश शर्मा ने कुछ लोगों पर दलाली करने का आरोप लगाया। जब सभासद जीनू पांडे ने उनसे पूछा कि वह किसका नाम ले रहे हैं, तो ईओ ने किसी व्यक्ति का नाम स्पष्ट रूप से नहीं बताया और अपनी बात पर कायम रहे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी बहस चलती रही।
हंगामे के बीच ईओ रोहिताश शर्मा ने सभी कर्मचारियों से बैठक छोड़कर बाहर जाने को कहा और स्वयं भी बैठक से उठकर चले गए। कुछ समय तक बोर्ड बैठक का माहौल तनावपूर्ण और हंगामेदार बना रहा।
घटना के बाद नगर पालिका की कार्यवाही और बैठक के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस पूरे विवाद पर देर शाम तक नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया।
