
16 से 20 अक्टूबर तक होगा आयोजन, 12 दिनों की मेहनत के बाद अंतिम चरण में पहुंचा मूर्ति निर्माण
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में 70वें सर्वजनिन दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मल्लीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर परिसर में 16 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव के लिए मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शक्तिफार्म से पहुंचे मूर्तिकार कानू सुंदर अपने सहयोगियों के साथ पिछले करीब 12 दिनों से प्रतिमा निर्माण में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि सबसे पहले सुतली, बांस और लकड़ी की मदद से ढांचा तैयार किया जाता है। इसके बाद इसी ढांचे पर मां दुर्गा की प्रतिमा का स्वरूप बनाया जाता है। अब प्रतिमा निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
नवरात्र के दौरान हर वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। कमेटी की ओर से आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस दौरान महासचिव उमेश मिश्रा, उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल, प्रेम कुमार शर्मा, किशन सिंह अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



















