10 नवंबर तक लोअर मॉल रोड नहीं खुली तो 11 नवंबर को होगा बड़ा ऐलान: पुनीत टंडन
धरना स्थगित करते समय विभाग को दी गई थी 10 अक्टूबर की समयसीमा, अब 10 नवंबर तक का दिया अतिरिक्त समय
नैनीताल। लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए खोलने और नैनीताल के अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने स्पष्ट किया है कि यदि 10 नवंबर 2026 तक लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए नहीं खोला गया, तो वह 11 नवंबर को बड़ा कदम उठाएंगे। इस संबंध में एक नवंबर को सार्वजनिक रूप से घोषणा करने के साथ ही विभाग और प्रशासन को भी अवगत करा दिया जाएगा।
बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुनीत टंडन ने कहा कि लोअर मॉल रोड को 10 अक्टूबर तक खोलने का आश्वासन विभाग की ओर से लिखित रूप में दिया गया था। इसी आश्वासन के बाद धरना समाप्त नहीं, बल्कि स्थगित किया गया था। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग को अपनी निर्धारित समयसीमा के अतिरिक्त एक माह का समय देते हुए 10 नवंबर 2026 तक सड़क खोलने की मोहलत दी गई है। हालांकि, समयसीमा को लगातार आगे बढ़ाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
टंडन ने बताया कि हाल ही में कैंची धाम में आयोजित बैठक के दौरान उच्च अधिकारी राजेश पंत ने अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए खोलने का आश्वासन दिया है। वहीं, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यह मामला नवंबर तक लंबित नहीं रहना चाहिए।
इसके बावजूद यदि सड़क खोलने की समयसीमा आगे बढ़ती है और 10 नवंबर तक यातायात शुरू नहीं होता है, तो 11 नवंबर को प्रस्तावित बड़े कदम की घोषणा एक नवंबर को कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल के हितों से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा और वे किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं करेंगे।
पुनीत टंडन ने संबंधित विभागों, प्रशासन और नगरवासियों से इस मामले का संज्ञान लेने की अपील की है।



















